March 10, 2026

वार्ड 24 में निगम आयुक्त ने किया दौरा, लोगों की समस्याएं सुनी और समाधान के दिए निर्देश

Faridabad/Alive News: नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने आज बुधवार को वार्ड 24 का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कम्युनिटी सेंटर सेक्टर 37 में अधिकारियों और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान स्टॉर्म वाटर लाइन पर हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने बताया कि सभी वार्डों का एक-एक करके निरीक्षण किया जा रहा है ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि वार्ड 24 में नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जो स्काडा स्कीम के तहत अपने आप जलेंगी और बुझेंगी। इन लाइटों की डीपीआर तैयार हो चुकी है और खराब लाइटों को भी तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

दौरे के दौरान वार्ड पार्षद जितेंद्र उर्फ बिल्लू यादव ने झरिया मार्केट के पास अतिक्रमण, कूड़ा प्वाइंट की अव्यवस्था, शिव कॉलोनी में गलियों के निर्माण और अन्य विकास कार्यों के टेंडर जल्द पूरे करने की मांग रखी।

कमिश्नर के साथ जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार, एक्सईएन महेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर स्थानीय विधायक और राज्य मंत्री राजेश नागर के निजी सचिव मनीष चड्ढा, वार्ड के गणमान्य लोग और सेक्टर 37 के निवासी भी उपस्थित रहे।