Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शुक्रवार को वार्ड नंबर-14 का दौरा कर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नेशनल हाईवे से यामाहा कंपनी, बाटा फ्लाईओवर, रामनगर और मिलहाड कॉलोनी तक का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को तुरंत प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क मार्ग सुचारू और व्यवस्थित बनाए जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने बाटा फ्लाईओवर के नीचे वाले क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट या पार्किंग के रूप में विकसित करने के लिए प्लान और इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां पेड़-पौधे लगाकर क्षेत्र को सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाए।
निगम आयुक्त ने कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर ओल्ड जोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार, एसडीओ सुरेंद्र खट्टर सहित अन्य अधिकारी और पार्षद नरेश नंबरदार के प्रतिनिधि रामू कुमार मौजूद रहे।

