May 3, 2024

Corona Update: देश में बीते 24 घंटे में आए 46 हजार 617 नए मामले, 853 लोगों की मौत

New Delhi/Alive News: देश में जानलेवा कोरोना वायरस की रफ्तार अब धीमी पड़ रही है. देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 46 हजार 617 नए मामले सामने आए हैं। 853 लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा आज चार लाख के पार पहुंच गया है। भारत में लगातार चौथे दिन कोरोना मामले 50 हजार से कम दर्ज हुए हैं और मौत का आंकड़ा भी कम हुआ है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 रोधी टीके की 1.24 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध हैं और अगले तीन दिनों में उन्हें 94,66,420 और खुराकों की आपूर्ति की जाएगी. मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार और राज्यों की सीधी खरीद की श्रेणी से अब तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 32.92 करोड़ खुराकों की आपूर्ति की गई है। इनमें बर्बाद हुई 31,67,50,891 खुराकें भी शामिल हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 18-44 उम्र समूह में 9.61 करोड़ खुराकें दी गयी हैं. शाम सात बजे तक अनंतिम रिपोर्ट के मुताबिक देश में बृहस्पतिवार को 38.17 लाख खुराकें दी गयी है। मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार को 18-44 उम्र समूह में 21,80,915 लोगों को पहली खुराक जबकि 84,107 को दूसरी खुराक दी गयी। देश में 18-44 उम्र समूह में कुल मिलाकर 9,38,32,139 लोग पहली खुराक ले चुके हैं और 22.6 लाख लोगों को दूसरी खुराक दी गयी है।

मंत्रालय ने कहा कि आठ राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र ने 18-44 आयु वर्ग के 50 लाख से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक दी है। आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल ने इसी आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक दी है।