Delhi/Alive News: फिल्म सरदार जी-3 में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ काम करने पर एक्टर दिलजीत दोसांझ विवादों में आ गए हैं। कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की और FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने तो उनकी भारतीय नागरिकता रद्द करने की मांग भी कर दी।
इस पर अब बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने दिलजीत के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दिलजीत सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि भारत की शान हैं और भारतीय संस्कृति के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उन्होंने FWICE की मांग को गलत बताया और कहा कि यह चौंकाने वाला है।
आरपी सिंह ने कहा कि जिस फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हैं, उसकी शूटिंग भारत-पाक के बीच हालात बिगड़ने से पहले ही पूरी हो चुकी थी। अगर किसी को फिल्म से दिक्कत है, तो वे शांति से विरोध करें – जैसे फिल्म का बहिष्कार करें या भारत में रिलीज़ न होने की मांग करें।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत ने हाल ही में पाकिस्तान से क्रिकेट मैच खेला, तब किसी ने विरोध क्यों नहीं किया? टीवी चैनलों पर भी पाकिस्तानी मेहमान आते हैं, तो क्या अब एंकरों को भी देशद्रोही कहेंगे?
दिलजीत का जवाब
दिलजीत दोसांझ ने कहा कि जब उन्होंने फिल्म साइन की थी, तब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते सामान्य थे। फिल्म की शूटिंग फरवरी में पूरी हो चुकी थी, लेकिन उसके बाद कई घटनाएं हुईं जो उनके बस में नहीं थीं।
उन्होंने कहा कि प्रोड्यूसर ने तय किया है कि फिल्म भारत में रिलीज नहीं होगी, सिर्फ विदेशों में दिखाई जाएगी – जैसे अमेरिका, कनाडा, यूके और मिडिल ईस्ट में। इससे फिल्म को नुकसान जरूर होगा, लेकिन वे प्रोड्यूसर के फैसले के साथ हैं।
प्रोड्यूसर्स की सफाई
फिल्म सरदार जी-3 के निर्माता गुरबीर सिंह संधू ने कहा कि फिल्म की शूटिंग उस वक्त हुई जब भारत-पाक के बीच तनाव नहीं था। भारतीय जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने फिल्म को भारत में रिलीज न करने का फैसला लिया है।
यूट्यूब पर क्यों नहीं आया ट्रेलर?
फिल्म का ट्रेलर यूट्यूब पर नहीं, सिर्फ इंस्टाग्राम पर डाला गया है। क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले के बाद से इंडियन यूट्यूब चैनल्स से पाकिस्तानी कलाकारों को हटाया गया है। इसी वजह से मेकर्स ने यूट्यूब पर ट्रेलर नहीं डाला।

