March 13, 2026

अधर में लटका नाले का निर्माण कार्य, जलभराव से क्षेत्र के लोग परेशान

Faridabad/Alive News: अटल चौक से भड़ाना चौक तक के नाले का निर्माण एक महीने बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। नाले का निर्माण कार्य धीमी गति से चलने के कारण भड़ाना चौक से प्रिंस स्कूल रोड पर सीवर का पानी बारह मास ओवरफ्लो होता है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नाला ओवरफ्लो की समस्या नंगला एनक्लेव पार्ट एक में लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पहले से बना एक तरफ का नाला टूट गया है और दूसरे तरफ के नाले की सफाई नहीं होती है। जिससे प्रिंस स्कूल रोड पर हमेशा नाला ओवरफ्लो होता रहता है। सीवर के ढक्कन भी टूटे हुए हैं, नाले का गंदा पानी भर जाने के कारण वह दिखाई नहीं देते और दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि नालों की सफाई और मरम्मत के लिए कई बार धरना प्रदर्शन किया गया है। इसके बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समस्या पर संज्ञान लेते हुए नाले का निर्माण शुरू किया। लेकिन नाले का निर्माण बहुत धीमी गति से चल रहा है। जल्द नाले का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता तो एक बार फिर लोग धरना प्रदर्शन करेंगे।

लोगों से बातचीत
काफी धरने प्रदर्शन के बाद नाले का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। लेकिन काम बिल्कुल धीमी गति से चल रहा है। जल्द काम पूरा नहीं हुआ तो एक बार फिर हम धरना प्रदर्शन करेंगे।

-संजीव कुमार, स्थानीय निवासी

नाले की नियमित रूप से सफाई न होने से सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है। गंदगी के कारण निकलना मुश्किल हो रहा है।

-अनिता, स्थानीय निवासी।

क्या कहना है अधिकारी का
यह करीब पांच से छह सौ मीटर का निर्माणाधीन नाला है। जिसपर काम चल रहा है। ईद पर लेबर के चले जाने के कारण काम रुका है। जल्द काम पूरा कर जलभराव की स्थिति को दूर करा दिया जाएगा।

-ओपी कर्दम, एक्सईएन, नगर निगम