April 20, 2024

पानीपत से लखीमपुर तक कांग्रेस का रोष मार्च आज

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के कांग्रेसी गुरुवार को पानीपत से सनौली बार्डर के रास्ते लखीमपुर खीरी तक रोष मार्च निकालेंगे। किसानों की मौत और कांग्रेस नेताओं के साथ बदसलूकी को लेकर गुरुवार सुबह आठ बजे पानीपत के संजय चौक से यह मार्च निकाला जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हजारों वाहनों के काफिले के साथ लखीमपुर जाने का दावा किया है।

बुधवार दोपहर बाद तीन बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सभी विधायकों, पूर्व विधायकों-उम्मीदवारों और पदाधिकारियों को वर्चुअली इसका न्योता दिया। उन्होंने मार्च की तैयारियों की समीक्षा के साथ ही सभी नेताओं को अपने साथ अधिक से अधिक कार्यकर्ता व लोगों को लाने का निर्देश दिया।

सैलजा ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना निंदनीय है। कांग्रेस केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे और सह-आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करती है। पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के कार्यरत जज से करवाई जाए। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी व उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को उनके पदों से हटाएं।

मृतक किसानों के परिवारों से मिलने जा रही प्रियंका गांधी के साथ न केवल हाथापाई की गई बल्कि उन्हें असंवैधानिक तरीके से हिरासत में लिया गया। उधर, किसानों को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।