May 3, 2024

कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे ने किया दावा, सर्वे में भाजपा को नही मिल रही 200 सीटें

New Delhi/Alive News: कर्नाटक में मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने दावा किया है कि RSS के सर्वे में भाजपा को 200 सीटें भी नहीं मिल रही हैं। कर्नाटक में भाजपा आपस में लड़ रही है। इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को गोवा, मध्य प्रदेश और दादरा के लिए उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की है।

इस लिस्ट में 6 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें मध्य प्रदेश के लिए 3, गोवा के लिए 2 और दादरा के लिए एक उम्मीदवार का ऐलान किया है। पार्टी ने अब तक 240 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं कांग्रेस ने MP के ग्वालियर से पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, मुरैना से पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार (नीटू) और खंडवा से नरेंद्र पटेल को टिकट दिया है। पार्टी ने राज्य की 29 सीटों में से 28 पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। जबकि खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी गई है।

वहीं, नॉर्थ गोवा सीट से रमाकांत खलप और साउथ गोवा सीट से कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि दादरा एंड नगर हवेली (एसटी) सीट से अजीत रामजीभाई माहला चुनाव लड़ेंगे। उधर, महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने शनिवार को बताया कि एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे कल्याण सीट से चुनाव लड़ेंगे।

कल्याण लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) ने लोकसभा चुनाव में वैशाली दरेकर-राणे को उम्मीदवार बनाया है। कल्याण शिवसेना का गढ़ भी कहा जाता है। 2019 के चुनाव में इस सीट पर श्रीकांत शिंदे की जीत हुई थी।