Jhajjar/Alive News: हरियाणा के झज्जर जिले की बादली विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक ने बताया कि आरोपी ने फोन पर करीब 10 मिनट तक गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले की जानकारी विधायक ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
कुलदीप वत्स के अनुसार, उन्हें यह धमकी करीब तीन दिन पहले फोन कॉल के जरिए मिली थी। आरोपी से उनकी करीब 11 मिनट 27 सेकेंड तक बात हुई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला बताया।
विधायक ने दावा किया कि यही आरोपी इससे पहले भी हरियाणा के कई नेताओं को धमकी दे चुका है। उन्होंने कहा कि संपत सिंह, दिग्विजय चौटाला समेत कुल 12 नेताओं को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक ने एक 9 सेकेंड की ऑडियो क्लिप भी सुनाई, जिसमें आरोपी सांसदों और विधायकों को बम से उड़ाने जैसी बात कहता सुनाई दे रहा है।
इस मामले में डीसीपी क्राइम झज्जर अमित दहिया ने बताया कि विधायक की शिकायत मिल गई है। जिस नंबर से कॉल आई थी, उसे ट्रेस किया जा रहा है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विधायक कुलदीप वत्स ने बताया कि कुछ दिन पहले झज्जर के किरावड़ गांव में रामपाल के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें वह शामिल हुए थे। रामपाल ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसानों की मदद के लिए मोटर और पाइपलाइन उपलब्ध कराई थी। इसी कार्यक्रम के बाद उन्हें धमकी भरी कॉल आई।
विधायक के अनुसार, 12 जनवरी को आए फोन में आरोपी ने पहले हालचाल पूछा और फिर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने मां-बहन की गालियां दीं और बम से उड़ाने की धमकी दी। विधायक ने बताया कि उन्होंने कॉल की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।
कुलदीप वत्स ने कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिलती रही हैं, लेकिन इस बार उन्होंने पुलिस में शिकायत दी है। उन्होंने साफ कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने डीजीपी और एडीजीपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात कही।

