May 19, 2024

विवशता : बेटी की शादी के लिए महिला ने की बंधुआ मजदूरी की पेशकश

New Delhi/Alive News : आज पूरा देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। लेकिन इन सब के बाच एक मां की ऐसी विवशता सामने आयी है जिसे किसी का भी दिल पसीज सकता है। एक मां ने अपनी बेटी की शादी के लिए गांव के सरपंच के यहां बंधुआ मजदूरी तक करने की पेशकश की। मामला जम्मू के सीमावर्ती इलाके का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार एक गरीब मां का सपना है कि उसकी बेटी की बेटी की शादी भी धूमधाम से हो जैसे दूसरे लोग अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करवाते है। जिसको लेकर महिला ने सरपंच के पास जिंदगी भर बंधुआ मजदूर बन कार्य करने का प्रस्ताव दिया है। महिला ने सरपंच से गुहार लगाई कि उसकी बेटी की शादी होनी है। इसमें 10-12 बराती आएंगे, लेकिन उसके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह इनकी सेवा सत्कार कर सके।

महिला ने कहा कि झाड़ू- पोछा से लेकर अन्य घरेलू काम करेगी। हालांकि, गाय का दूध बेचकर परिवार का गुजारा चलता है। घर भी एक कमरे का है। ऐसे में वह शादी के खर्च का प्रबंध करने में सक्षम नहीं है। उसने कोशिश की कि वह खर्चे का प्रबंध कर ले, लेकिन यह नहीं हो पाया। इसके बाद उसने थक हारकर गुहार लगाई है।

वहीं संबंधित मामले को लेकर सरपंच शाम लाल ने बताया कि महिला की इस पेशकश ने उन्हें हैरत में डाल दिया। महिला को भरोसा दिलाया है कि उसे बंधुआ मजदूर बनने की जरूरत नहीं है। उसकी बेटी की शादी धूमधाम से होगी। सारे लोग मिलकर सहयोग करेंगे। वह निश्चिंत होकर शादी की तैयारियों में जुट जाए।