July 12, 2026

Noida: सेक्टर-137 वेटलैंड के पास कूड़ा फेंकने की शिकायत, प्राधिकरण से मांगी रिपोर्ट

Noida/Alive News: ग्राम बरौला, सेक्टर-49 से यमुना की ओर जाने वाले नाले और सेक्टर-137 स्थित इन-सीटू वेटलैंड के पास कूड़ा फेंके जाने की शिकायत पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोएडा प्राधिकरण से जवाब मांगा है। बोर्ड ने प्राधिकरण को मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।यूपीपीसीबी को 9 जुलाई 2026 को ईमेल के माध्यम से यह शिकायत मिली थी। शिकायत के साथ मौके की तस्वीरें भी भेजी गई थीं, जिनमें नाले और वेटलैंड के आसपास कूड़ा डाले जाने की बात सामने आई।

बोर्ड ने अपने पत्र में कहा है कि यह क्षेत्र नोएडा प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसलिए शिकायत का निस्तारण कर आवश्यक कार्रवाई करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। बोर्ड ने यह भी याद दिलाया कि इसी मामले में 30 जुलाई 2025 को भी नोएडा प्राधिकरण को पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद दोबारा शिकायत मिलने पर एक बार फिर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।यूपीपीसीबी ने प्राधिकरण से कहा है कि कूड़ा हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराई जाए।