Faridabad/Alive News; उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देशानुसार और सीईओ जिला परिषद शिखा के मार्गदर्शन में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत ग्राम पंचायत बहादरपुर में सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान ग्राम पंचायत की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की गई। कूड़े-कचरे के उचित निस्तारण, गंदगी को हटाने तथा जलभराव रोकने के लिए ठोस कदम उठाए गए। पंचायत द्वारा सफाई कर्मचारियों की टीम गठित कर गांव के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कार्य कराया गया। साथ ही, ग्रामीणों को भी अपने घर और आस-पड़ोस की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम सभा में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से न केवल बीमारियों से बचाव होता है बल्कि बच्चों और युवाओं के भविष्य को भी सुरक्षित बनाया जा सकता है। ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करें।
इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छता के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि जब हर व्यक्ति अपने घर से स्वच्छता की शुरुआत करेगा तभी पूरा गांव और अंत: पूरा देश स्वच्छ बन सकेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी आश्वासन दिया कि वे नियमित रूप से स्वच्छता अभियान में भागीदारी करेंगे और अपने गांव को आदर्श स्वच्छ ग्राम बनाने में सहयोग देंगे।

