May 19, 2024

क्रिसमस पर रंग-बिरेंगे रोशनियों से सजा चर्च, दो शिफ्टों में आयोजित होगी प्रार्थना सभा

Faridabad/Alive News : आज क्रिसमस डे है और यह पर्व पूरे शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए सभी गिरजाघर और मॉल रंग-बिरंगी रोशनियों से सज गए हैं। शहर में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के चलते गिरजाघरों और सभी मोलो में कोरोना नियमों की पालना की जाएगी। एक साथ अधिक भीड़ नहीं हो इसके चलते दो शिफ्ट में प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। कोविड गाइड लाइन का पालन करने की सलाह देने के साथ-साथ शर्तों का पालन करने के लिए परिसर में पोस्टर भी लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर के मॉल और बाजारों में भी क्रिसमस को लेकर रौनक बढ़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले दो साल से कोरोना महामारी के चलते क्रिसमस पर चुनिंदा लोगों की मौजूदगी में ही कार्यक्रम हुए थे। लेकिन इस बार शनिवार को क्रिसमस पर गिरजाघरों में ईसाई समाज के लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। ऐसे में प्रार्थना के लिए आने वाले लोगों को चेहरे पर मास्क लगाकर आना जरूरी कर दिया गया है। रंग बिरंगी लाइटों से डेकोरेशन की गई है। एक साथ अधिक संख्या में लोग एकत्रित न हों इसका खास ख्याल रखा जा रहा है।

शहर में कई गिरजाघर हैं। जहां क्रिसमस पर्व पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वहीं सेंट जोसफ चर्च में भव्य कार्यक्रम होता है। यीशु मसीह के पालक सेंट जोसफ के नाम से ही इस चर्च को जाना जाता है। यह चर्च बीके चौक के पास स्थित है। इसका इतिहास करीब 55 वर्ष पुराना है। इस दौरान प्रार्थना सभा में इसाई समुदाय के साथ-साथ अन्य समुदाय के लोग भी श्रद्धा के साथ भाग लेते हैं। चर्च का नाम यीशु मसीह के पालक सेंट जोसफ के नाम से है। सेंट जोसफ एक कारपेंटर थे। चर्च की ओर से हर वर्ष 25 दिसंबर को ईसा मसीह के संदेशों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। ईसा मसीह के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन भी किया जाता है।