May 12, 2024

Faridabad के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल से बच्चा चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Ek Reporter/Faridabad/Alive News: मंगलवार सुबह जिला नागरिक (बीके) अस्पताल से नवजात चोरी होने से हड़कंप मच गया। कपड़े बदलकर आई बच्चे की मां जोर-जोर से रोने लगी। वहीं दूसरी ओर इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है, यह खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई है और लोग अस्पताल प्रशासन की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर आलोचना कर रहे हैं। जानकारों की मानें तो पहले भी ऐसी घटना अस्पताल में हो चुकी है।

बच्चा चोरी करके भागती महिला का वीडियो सीसीटीवी में कैद

पीड़ित सुनील ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गांव थानपुर जिला बाराबंकी के रहने वाले हैं, वर्तमान में सूरजकुंड इलाके में स्थित अनंगपुर डेयरी के समीप किराए के मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी अनीता को रविवार रात को लेबर पेन हुआ और रविवार की रात करीब 2 बजे डिलीवरी कराने के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात लगभग 3:36 बजे अनीता ने बेटे को जन्म दिया। उनकी पहले से 7 वर्ष और 3 वर्ष की दो बेटियां है।

सुनील ने बताया कि डिलीवरी के बाद से ही उनकी पत्नी, स्वयं और उनकी मां रामदेई अस्पताल में ही बच्चों के साथ थे। सोमवार रात करीब 11 बजे एक महिला उनके पास आई और उसने बताया कि वह बीके अस्पताल में स्टाफ है। इसके बाद महिला उनके आसपास ही पूरी रात रही। इस दौरान उसने बच्चे को भी गोद में लिया और खिलाया। फिर सुबह उस महिला ने उनकी मां रामदेई से कहा कि वह अपनी बहू के कपड़े चेंज करा कर ले आए। इस दौरान सुनील भी किसी काम से नीचे गया था। इतनी देर में महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई। उक्त महिला बच्चे को लेकर भागते हुए अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हो गई है।

मां का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
कपड़े चेंज कर लौटी अनीता को जब बच्चा नहीं मिला तो वह घबरा गई और रोने लगी। शोर होने के बाद बच्चा चोर महिला की तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन इतनी देर में महिला फरार हो चुकी थी, घटना के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी के आधार पर जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया के माध्यम से लोग जमकर सुना रहे खरी खोटी

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल से नवजात के चोरी होनी की खबर शहर में आग की तरह फैल रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से लोग अस्पताल प्रशासन को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं। लोगो की मानें लगभग 2.5 साल पहले भी अस्पताल से बच्चा चोरी का मामला प्रकाश में आया था, हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाम तक बच्चे को पुलिस ने बरामद कर लिया था, लेकिन अधिकारियों ने सबक नहीं लिया। हाल ही में एक अपराधी भी अस्पताल से फरार हो गया था, ऐसी घटनाएं जिला स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठा रही है।

क्या कहना था अस्पताल प्रशासन का
बीके अस्पताल की पीएमओ सविता यादव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बच्चा चोरी होने की घटना के बाद उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद सभी अस्पताल स्टाफ को तलब किया है। इसमें एक कमेटी बनाई गई है। दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।