March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में मुख्यमंत्री ने दिया दोपहर भोज, देश-विदेश के कलाकारों ने प्रस्तुत की सांस्कृतिक झलक

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव के दौरान राजहंस पर्यटन स्थल परिसर में आयोजित दोपहर भोज की मेजबानी की। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। मुख्यमंत्री ने स्वयं मेहमानों के बीच जाकर उनका हालचाल पूछा और उनसे बातचीत की।

दोपहर भोज में हरियाणा और उत्तर भारत के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए, जिनमें केसर खीर, मूंग दाल का हलवा और गोहाना की मशहूर देसी घी की जलेबी खास आकर्षण रहे। मेहमानों ने इन व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोक कलाकारों के साथ मिस्र, मालावी, ईराक, कजाकिस्तान और सिएरा लियोन सहित कई देशों के कलाकारों ने अपने पारंपरिक परिधानों में नृत्य और संगीत प्रस्तुत किया। “लोकल टू ग्लोबल” थीम पर दी गई इन प्रस्तुतियों ने विभिन्न संस्कृतियों की सुंदर झलक पेश की। मुख्यमंत्री ने कलाकारों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा, मंत्रीगण, विधायकगण, हरियाणा पर्यटन निगम के एमडी पार्थ गुप्ता, मंडल आयुक्त संजय जून, डीसी आयुष सिन्हा, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।