May 2, 2024

नहाय खाय से चैती छठ की शुरुआत, मन्नत पूरी हुई तो खुशी से महिलाओं ने रखा व्रत

Faridabad/Alive News: आज नहाय खाय के साथ चैती छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। हिंदू पंचांग के अनुसार साल में दो बार छठ महापर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि अप्रैल माह की छठ पूजा को वो लोग करते है जिनकी मन्नत मातारानी ने पूरी कर दी हो। फिर वह खुशी से पांच साल दस साल या फिर इससे अधिक समय तक छठ पूजा करती हैं।

दरअसल, आज यानि मंगलवार को नहाय खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हुई है। कल 6 अप्रैल बुधवार को महिलाएं दिन में निर्जला व्रत रखेंगी और शाम को मातारानी को रोटी और खीर का भोग लगेगा। इसके साथ ही 7 अप्रैल को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और 8 अप्रैल को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह पर्व समाप्त होगा।

ये मन्नत पूरी हुई तो शुरू किया महापर्व
शादी के कई साल बीत जाने के बाद भी मेरी कोई संतान नहीं थी। मैंने मातारानी से मन्नत मांगी और मुझे पिछले साल एक बेटी हुई है। मैं इस साल पहली बार छठ महापर्व कर रही हूं। मातारानी सबके जीवन में खुशियां दें।
-सोनम सिन्हा, सेक्टर- 22

मैंने मन्नत मांगी थी और छठ मईया की कृपा से मेरी मन्नत पूरी हो गई है। मैं पिछले पांच साल से छठ पर्व कर रही हूं और खुशी से आगे भी इस व्रत को करूंगी। इस व्रत से हमारी आस्था जुड़ी है।
-सुमिंतरा देवी, सेक्टर- 24

मेरी सास छठ महापर्व करती थी अब उन्होंने मुझे दे दिया है। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली समझती हूं कि इस व्रत को कर रही हूं। छठ पूजा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। मेरी और मेरे परिवार की छठ पूजा को लेकर बहुत आस्था और विश्वास है। मैं दूसरी बार छठ महापर्व को कर रही हूं।
-स्नेहा शर्मा, बल्लभगढ़।