April 19, 2024

शहर में लगाए जाएंगे चेक डैम, सुधरेगा भूजल स्तर, दूर होगी जलभराव की समस्या

Faridabad/Alive News: जिलेवासियों को जल्द जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलने वाला है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने इसकी कवायद शुरु कर दी है। आपको बता दे कि जल संरक्षण के लिए जिले में चेक़ डैम बनाये जाएंगे। एफएमडीए द्वारा इसकी योजना तैयार की जा रही है। जल्द इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। कयास लगाए जा रहे है कि इससे शहर में जलभराव की समस्या का कुछ हद तक समाधान होगा और भूजल स्तर भी सुधरेगा।

दरअसल, बारिश के समय अरावली पहाड़ी में व्यर्थ बह जाने वाले पानी को संरक्षित करने की योजना फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत अरावली में चेक़ डैम बनाये जाएंगे। जिसका फायदा सीधे तौर पर ग्रीनफ़ील्ड कॉलोनी और एनएचपीसी अंडरपास के आस पास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को मिलेगा।

आपको बता दे कि पहाड़ों तलहटी में बसे गावों में भूजल स्तर गिरता जा रहा है। अब यहां भूजल स्तर 500 से 600 फुट पहुंच गया है। जनकारी के अनुसार प्रत्येक वर्ष निगम द्वारा लगाए गए दस ट्यूबवेल के बोर के नीचे का पानी समापत हो जाता है। जो कि चिंताजनक है। शहर में चेक़ डैम बनाये जाने से भूजल स्तर सुधरने की सम्भावना है।

क्या है चेक डैम, कैसे करता है काम
आपको बता दे कि चेक डैम भूजल को सुरक्षित और संरक्षित करने का केंद्र है। इसकी गहराई आठ से दस फुट होती है। इसकी चौड़ाई पचास से सौ मीटर या फिर जगह के अनुसार होती है। चेक डैम उस जगह बनाये जाते है जहां ऊपर से पानी आने का फ्लो अधिक हो। चेक डैम मुख्य रूप से बहते हुए पानी को एकत्र करते है। यह पानी धीरे धीरे रिसकर नीचे चला जाता है। जिससे भूजल सुधरता है।