Karnal/Alive News: करनाल में रविवार को नगर निगम की ओर से चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कर्ण मार्केट और दयालपुरा मार्केट में काफी हंगामा हुआ। दुकानदारों ने निगम कर्मचारियों का विरोध किया और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
जब निगम की टीम दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने पहुंची, तो कई दुकानदारों ने कहा कि बिना नोटिस दिए कार्रवाई नहीं की जा सकती। आर्य मिष्ठान भंडार पर जब एक पंखा हटाया जा रहा था, तो दुकानदार ने कर्मचारी से हाथापाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, लेकिन निगम के कुछ कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं।
दयालपुरा मार्केट में एक महिला फड़ी दुकानदार सुनीता ने भावुक होकर कहा कि अगर दुकान नहीं लगाने देंगे, तो पेट कैसे पालेंगे। उसने रोजगार की मांग की और कहा कि उसकी फड़ी सड़क से काफी अंदर है, फिर भी हटाई जा रही है।
कर्ण मार्केट में एक ज्वेलर्स दुकान के सामने लगी स्टील की ग्रिल हटाने पर भी विवाद हुआ। दुकानदार ने नोटिस न मिलने की बात कही, जिस पर निगम अधिकारियों ने जवाब दिया कि कार्रवाई नियमों के अनुसार की जा रही है।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने करीब 10 दुकानों और फड़ी-रेहड़ी वालों का सामान जब्त किया और सड़क पर खड़ी गाड़ियों के चालान काटे। निगम ने चेतावनी दी कि अगली बार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नगर निगम कमिश्नर डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि बाजारों में ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे खुद जागरूक बनें और दुकान का सामान तय सीमा में ही रखें।
संडे बाजार पर भी सख्ती दिखाई गई। मुनादी के बावजूद जिन लोगों ने रेहड़ी लगाई, उनका सामान जब्त किया गया और भविष्य में जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई।

