May 6, 2024

हरियाणा में आप की सरकार बनी तो समाप्त होगा चंडीगढ़ और एसवाइएल विवाद: गुप्ता

Chandigarh/Alive News: हरियाणा प्रभारी तथा आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डा सुशील कुमार गुप्ता ने कहा कि पूर्व विधायकों की पेंशन पर पंजाब सरकार ने जो फैसला लिया है उसका हम समर्थन करते हैं निर्मल सिंह चार बार के विधायक रह चुके हैं। निर्मल सिंह जल्द ही हरियाणा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी तीन पेंशन छोड़ने के लिए कहेंगे। आम आदमी पार्टी राजनीति नहीं करने आई बल्कि राजनीति बदलने आई है।

पंजाब और हरियाणा में जो जितनी बार विधायक उतनी बार पेंशन का प्रावधान है। जिसको पंजाब सरकार ने बदल एक पेंशन देने का फैसला किया है। यह एक साथ सुथरी सरकार ही कर सकती है। जिसको आम आदमी पार्टी की दिल्ली व पंजाब सरकार ने कर दिखाया है। हम चाहेंगे कि हरियाणा सरकार को एक पेंशन लागू की नीति लागू करनी चाहिए।

डा गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2018 से पूर्व विधायक को पेंशन के रूप में करीबन 23 करोड़ का खर्चा किया गया है,जोकि 2021 में बढकर साढे 30 करोड रूपये हो गया है। अगर इसका पैसा बचता है तो सरकार कई योजनाओं पर खर्च कर सकती है। हम चाहेंगे अन्य विधायक भी इस मुददे पर हमारे साथ आए।

चंडीगढ़ और एसवाईएल के विवाद को कांग्रेस और भाजपा की सरकार सुलझाने वाली नहीं है। क्योंकि वह इस पर राजनीति की रोटिंया सेकती है। वरना क्या बात है कि जब राज्य और केन्द्र में कांग्रेस और वर्तमान में भाजपा की सरकारें है तो वह इस विवाद को सुलझाते क्यों नहीं है।
गुप्ता ने कहा कि विधानसभा में पास हुए प्रस्ताव से कोई रास्ता निकलने वाला नहीं है। विधानसभा में प्रस्ताव पास करने से क्या होगा।

हरियाणा को विशेष सत्र बुलाने की क्या जरूरत थी। हरियाणा की राज्य सरकारों को केंद्र के पास जाना चाहिए। जहां वह चंडीगढ़ का आधा आधा हिस्सा मांगें और साथ में 20 हजार करोड़ रुपये की मांग होनी चाहिए ताकि दोनों अपनी-अपनी राजधानियां बना सके। गुप्ता ने कहा कि 2024 में जब दोनों ही राज्यों में आप की सरकार होगी तब एसवाईएल से जुड़े मुद्दे का हल भी कर दिया जाएगा।

मौजूदा सरकार का मकसद एसवाईएल के मुद्दे को सुलझाना नहीं है। यहां मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। अगर दोनों राज्यों की सरकार साथ आती है तो यह मुद्दा हल हो सकता है। लेकिन सीएम खट्टर ऐसा नहीं करने वाले हैं। बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी ने मिशन हरियाणा शुरू कर दिया है।