May 12, 2024

चैती छठ का खरना आज, पढ़िए महत्व और अर्घ्य देने का समय

New Delhi/Alive News: चार दिवसीय चैती छठ का आज दूसरा दिन है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस पर्व के दूसरे दिन खरना होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, साल में दो बार छठ का पर्व मनाया जाता है। पहला चैत्र मास में और दूसरा कार्तिक मास में। कार्तिक मास यानी अक्टूबर-नवंबर में पड़ने वाली छठ का अधिक महत्व होता है। इस पर्व में सूर्य की उपासना के साथ उनकी बहन छठी माता की पूजा करने का विधान है।

खरना के दिन व्रती रात को पूजा के बाद गुड़ की खीर खाकर पूरे 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती है जो चौथे दिन सूर्योदय के समय सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समाप्त होता है। चैती छठ के दूसरे दिन खरना होता है। इसे लोहंडा नाम से भी जाना जाता है। इस दिन व्रती सुबह स्नान आदि करके पूरे दिन व्रत रखकर भगवान सूर्य की पूजा करती हैं। इसके बाद शाम को पूजा के लिए गुड़ की खीर के साथ रोटी बनाई जाती है।

इस भोग को रसिया नाम से जाना जाता है। इस प्रसाद की खास बात यह है कि इसे मिट्टी के बनाए गए नए चूल्हे में आम की लकड़ी को जलाकर बनाया जाता है। इसके साथ ही इसे मिट्टी या फिर पीतल के बर्तन में बनाया जाता है। अगर चूल्हा नहीं है तो आप साफ गैस में भी बना सकते हैं। भगवान सूर्य को भोग लगाने के लिए इस प्रसाद को केले के पत्ते में रखा जाता है।

नोटः ‘इस लेख में निहित किसी भी जानकारी विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।’