March 7, 2026

राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन ने निगम मुख्यालय का दौरा कर प्रवीण बत्तरा को दी जीत की बधाई

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजय राहटकर ने निगम मुख्यालय पहुंचकर फरीदाबाद की प्रथम सीधे चुनी गई महापौर प्रवीण बत्तरा जोशी से मुलाकात की और उन्हें देश में सर्वाधिक मतों से जीतकर रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी।

विजय राहटकर ने कहा कि वह भी मेयर रह चुकी हैं, लेकिन प्रवीण बत्तरा जोशी अन्य मेयरों से इसलिए अलग हैं क्योंकि उन्होंने पहली बार ही सीधे मतदान में देश में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज कर महिला शक्ति का श्रेष्ठ उदाहरण पेश किया है।

महापौर प्रवीण बत्तरा जोशी ने विजय राहटकर का फरीदाबाद पहुंचने पर स्वागत किया और कहा कि उनके अनुभव से उन्होंने पूर्व में हरियाणा वाल सुधार आयोग की चेयरपर्सन रहते हुए काफी कुछ सीखा था। अब मेयर पद का भी अनुभव होने के कारण उन्होंने उनसे विस्तार से चर्चा की है और दिए गए सुझावों को नगर निगम फरीदाबाद में लागू किया जाएगा।

विजय राहटकर ने कहा कि प्रवीण बत्तरा जोशी की सोच और कार्यशैली से निश्चित तौर पर फरीदाबाद को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि संगठन विशेषकर महिला मोर्चा को मजबूत करने में जोशी की अहम भूमिका रही है और अब नगर निगम में ढांचागत सुधार की उनकी पहल पूरे देश के लिए मिसाल बनेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाला युग महिलाओं का है और फरीदाबाद की जनता को बधाई दी कि उन्होंने भविष्य को पहचानते हुए एक ऐसी महिला को शहर की प्रथम नागरिक के पद पर आसीन किया है, जो महिला शक्ति का जीवंत उदाहरण है। राहटकर ने कहा कि फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की महिलाएं जोशी से प्रेरणा लेकर समाज और राजनीति में आगे बढ़ सकती हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन ने कहा कि प्रवीण बत्तरा जोशी को मेयर चुनकर शहर की जनता ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हरियाणा राज्य महिला आयोग सक्रिय है, लेकिन यदि किसी भी समय फरीदाबाद की महिलाओं को अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता होगी तो वह उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेंगी।