Noida/Alive News: नोएडा के सेक्टर-14ए स्थित श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर में शनिवार को शनि जयंती और शनि अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आचार्य पुष्कर चंद्र भट्ट के सान्निध्य में आयोजित अष्टकुंडीय श्री शनि महायज्ञ में हजारों भक्तों ने आहुति देकर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शनि सेवा समिति के अध्यक्ष मान सिंह चौहान ने बताया कि इस वर्ष करीब 13 वर्षों बाद ऐसा दुर्लभ संयोग बना, जब शनि जयंती शनिवार को पड़ी। साथ ही शनिश्चरी अमावस्या, वट सावित्री व्रत और विशेष योगों के कारण इस दिन का धार्मिक महत्व और बढ़ गया। श्रद्धालुओं ने तिल, तेल, काला वस्त्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक पंकज सिंह, नोएडा की एसीईओ वंदना त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। शाम को आयोजित भजन संध्या और भव्य झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

