Faridabad/Alive News: स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में लगे हुए काफी कैमरे महीनों से खराब पड़े हुए हैं। इन्हें ठीक नहीं कराया जा रहा है। पता चला है कि स्मार्ट सिटी की और से कैमरों के रखरखाव को लेकर टेंडर जारी किया है। कैमरे खराब होने से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान नहीं हो पा रहे हैं, वहीं बदमाशों का पकड़ना भी मुश्किल हो रहे रहा है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में 2019 में कमांड एवं कंट्रोल सेंटर की स्थापना सेक्टर 20ए में की गई थी। इसके तहत पूरे शहर में साढ़े 1400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे 500 से अधिक लोकेशन पर लगाए गए हैं। एक कमरे की कीमत 50 हजार से ढाई लाख रुपये तक है।
चौराहों पर लगे हुए कई प्रकार के कैमरों का अलग अलग काम है। इस पूरी परियोजना पर 150 करोड़ से अधिक का बजट खर्च किया गया था जिस कंपनी ने कैमरे लगाए थे, उसको फरवरी 2025 तक रखरखाव भी करना था। यह तारीख निकले हुए आठ माह हो गए हैं।
रखरखाव न होने की वजह से 100 से अधिक जगह कैमरे विभिन्न कारणों से बंद पड़े हैं। बल्लभगढ़, एनआईटी, ओल्ड व हाईवे पर कैमरे बंद पड़े हैं।
पुलिस आयुक्त कार्यालय कट के पास, केएल मेहता कालेज टी प्वाइंट, ईएसआई चौक, मस्जिद चौक, हाईवेयर चौक, सेक्टर 12 मोड़ बीके चौक, सनफ्लैग चौक, सोहना बड़खल रोड, ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास, बाटा रेलवे पुल के पास, आईएमटी चौक, नीलम चौक, एमवीएन नाका, बल्लभगढ़ का घंटा घर चौक सहित अन्य लोकेशन शामिल हैं।
बाईपास जो अब दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा बन चुका है, इस पर भी काफी कैमरे लगाए गए थे। लेकिन जब एक्सप्रेसवे का निर्माण शुरू तो सारे कैमरे उतार लिए गए थे।
अब इन्हें दोबारा नहीं लगाया जा सका है। स्मार्ट सिटी के एक अधिकारी ने बताया कि पुरानी वाली एजेंसी ही कैमरों का रखरखाव करेगी। उच्च स्तर पर कंपनी के अधिकारियों की बात हो गई है। कैमरों को जल्द ठीक करा दिया जाएगा।

