June 6, 2026

​CBSE 10वीं का परिणाम: आशना खुराना ने रचा फरीदाबाद में इतिहास, हासिल किए शत-प्रतिशत अंक

Faridabad/Alive News: बुधवार को जारी किए गए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड दसवीं कक्षा के परिणाम में शहर के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिला नाम रोशन किया है। मार्डन विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-17 की छात्रा आशना खुराना ने सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त करके टॉप किया है। वहीं डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद के छात्र नितेश बहल ने 500 में से 499 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं होली चाइल्ड स्कूल की सोनाक्षी सक्सेना ने भी 499 अंक प्राप्त किया है।

दोपहर बाद चार बजे परिणाम जारी हो गया और विद्यार्थियों ने अपना-अपना रिजल्ट देखा। परिणाम जारी होते ही स्कूलों और घरों में विद्यार्थियों को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी गई। कई स्कूलों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छुट्टी होने के बावजूद अभिभावक अपने बच्चों के साथ स्कूल पहुंचे। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर उल्लास और खुशी नजर आई। अभिभावक भी संतुष्ट दिखाई दिए।

विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों को दिया
आशना खुराना ने अपनी सफलता का श्रेय अध्यापकों और पिता विपिन खुराना तथा माता पूजा खुराना को दिया है। आशना ने बताया कि वह अब साइंस स्ट्रीम से बारहवीं की पढ़ाई करेंगी। वहीं नितेश बहल ने बताया कि सात से आठ घंटे पढ़ाई करते थे। अध्यापकों ने पूरा सहयोग किया। पिता दिनेश बहल और माता ने साथ दिया और पढ़ाई में अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते थे। सोनाक्षी सक्सेना ने बताया कि वह सेल्फ स्टडी ज्यादा करती थी। पढ़ाई में माता-पिता और अध्यापकों ने बहुत सहयोग किया है। वह पांच से सात घंटे पढ़ाई करती थी।