April 28, 2024

दहेज प्रताड़ना के दो मामलों में 9 पर केस दर्ज

Palwal/Alive News : शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अलग-अलग जगह से दो महिलाओं को प्रताड़ित करने और धमकी देने के मामले सामने आए हैं। एक पीड़िता ने अपने पति पर यौण शोषण का और ससुर पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। गदपुरी थाना पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों पर 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। थाना प्रभारी जंगशेर के अनुसार धतीर गांव के बसीमा ने शिकायत की है कि उसकी शादी पिंगोड़ गांव के अनीस के साथ 3 मार्च 2019 को हुई थी। शादी में मायके वालो ने दान-दहेज भी दिया था। लेकिन ससुराल के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से ही अलग-अलग चीज़ो की मांग करने लगे। मायके से दहेज न मिलने पर पति, ससुर बसीर, सास मीणा, जेठ शहजाद और अनवर ने पीड़िता को घर में रखने से साफ मना कर दिया।

इसी तरह एक और पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी 29 नवम्बर 2013 को फरीदाबाद निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति, ससुर, सास व ननद दहेज के लिए उसे परेशान करने लगे। पीड़िता ने शिकायत में पति पर यौण शोषण करने और ससुर पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर के कार्रवाई शुरू कर दी है।