May 6, 2024

दहेज के लिए प्रताड़ित करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Palwal/Alive News: शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं पीड़िता ने पति पर यौण शोषण करने का भी आरोप लगाया है। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस जांच अधिकारी रामजीवन के अनुसार एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने यथा संभव दान-दहेज भी दिया था। ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से अधिक दहेज लाने की मांग कर प्रताड़ित करने लगे।

दहेज लाने में असमर्थता जताने पर पीड़िता को पति, ससुर, सास, देवर, दो ननंद व परिवार के दो अन्य सदस्यों ने मारपीट कर व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया और दहेज लाने पर वापस आने को कहा। वहीं पीड़िता का आरोप है कि पति द्वारा उसका यौण-शोषण भी किया जाता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।