Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान लक्ष्मण, निवासी गांव तिगांव, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राकेश नाम के व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वह बल्लभगढ़ जोन में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता है। 24 फरवरी को वह रेहड़ी में कूड़ा भरकर उसे खाली करने जा रहा था। रास्ते में दो मोटरसाइकिल सवारों से उसकी कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह वहां से आगे निकल गया।
कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचा। उन्होंने उसकी रेहड़ी के आगे मोटरसाइकिल लगाकर उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण को जांच में शामिल किया। पूछताछ में सामने आया कि उनकी मोटरसाइकिल सफाई कर्मचारी की रेहड़ी से टच हो गई थी, जिसके बाद विवाद हुआ। बाद में आरोपियों ने उसका पीछा कर रास्ते में रोककर मारपीट की।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।

