May 17, 2024

दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति सहित पांच पर केस दर्ज

Palwal/Alive News : शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने और घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। वहीं पीड़िता ने पति पर यौन-शोषण का भी आरोप लगाया है। कैंप थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस जांच अधिकारी संजय कुमार के अनुसार एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि मेरी शादी 12 दिसंबर वर्ष 2015 को दिल्ली निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने यथा संभव दान-दहेज भी दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और दहेज में पांच लाख रुपये नकद व इनोवा कार की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। दहेज लाने में असमर्थता जताने पर पीड़िता के साथ उसके पति, सास, ससुर, देवर व ननंद ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। वहीं पीड़िता का आरोप है कि पति उसका यौन-शोषण भी करता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।