Delhi/Alive News: कनाडा की एक सरकारी रिपोर्ट में पहली बार स्वीकार किया गया है कि खालिस्तानी आतंकी संगठन वहां से सक्रिय रूप से फंड जुटा रहे हैं। कनाडा के वित्त मंत्रालय की इस रिपोर्ट के मुताबिक, बब्बर खालसा इंटरनेशनल, इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन और ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ जैसे संगठन कनाडा और अन्य देशों में पैसा इकठ्ठा कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इन संगठनों को सिर्फ दान या चैरिटी से ही नहीं, बल्कि नशीले पदार्थों की तस्करी, गाड़ियों की चोरी और चैरिटी फंड के दुरुपयोग जैसे अपराधों से भी पैसा मिल रहा है। इसमें हमास और हिजबुल्लाह जैसे आतंकी समूहों को भी कनाडा से फंडिंग जाने की बात कही गई है।
रिपोर्ट में बताया गया कि अब ये संगठन बड़े नेटवर्क के बजाय छोटे-छोटे गुटों में काम कर रहे हैं। प्रवासी भारतीयों के दान के अलावा, क्राउडफंडिंग, क्रिप्टोकरेंसी और बैंकिंग सिस्टम के गलत इस्तेमाल से भी रकम जुटाई जा रही है। नॉन-प्रॉफिट और चैरिटी संस्थाओं का दुरुपयोग भी इसमें शामिल है।

