May 1, 2024

फरीदाबाद की 9 सीटों पर कांग्रेस को जिताने का आवाह्न किया

Faridabad/Alive News: सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने फरीदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार लोगों के विश्वास से नहीं विश्वासघात से बनी है। अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का मतलब पूरा मंत्रीमंडल। 2019 के चुनाव में जनता ने बीजेपी सरकार के अधिकांश मंत्रियों को हराकर वापस घर भेज दिया था। इनमें प्रमुख रूप से रामविलास शर्मा, ओमप्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु, कविता जैन, मनीष ग्रोवर, कृष्ण पंवार आदि शामिल थे।

2019 का चुनाव जनता ने भाजपा सरकार को भी हरा दिया और पार्टी को भी हरा दिया था। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला बड़े अंतर से चुनाव हारे। जहां तक मुख्यमंत्री की बात है उनकी जीत अल्पमत की जीत थी। करनाल में बहुमत ने वोट ही नहीं डाला। हरियाणा के 90 हलकों में से सबसे कम वोट यानी 49% करनाल में पड़ा और आश्चर्य की बात ये है कि सबसे ज्यादा नोटा भी करनाल में दबा।

दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा के 90 हलकों में से सबसे ज्यादा वोटों से जीते। अगर जेजेपी प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात नहीं करती तो आज प्रदेश में बीजेपी सरकार नहीं होती। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कार्यकर्ताओं को फरीदाबाद की सभी 9 सीटों पर कांग्रेस को जिताने का आवाह्न किया।