Faridabad/Alive News: बीके जिला अस्पताल में हार्ट सेंटर का शुक्रवार को हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने उद्घाटन किया। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा भी मौजूद रहे।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कहा कि हृदय रोग से संबंधित इलाज आम आदमी के लिए महंगा होता है, लेकिन अब बीके अस्पताल में कम खर्च में आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि जहां निजी अस्पतालों में स्टेंट लगाने का खर्च दो लाख रुपये तक होता है, वहीं यहां यह सुविधा किफायती दरों में उपलब्ध होगी। इसी प्रकार हृदय से संबंधित विभिन्न जांचें भी बाजार दर से काफी कम शुल्क पर की जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया की पलवल के सरकारी अस्पताल की तर्ज पर फरीदाबाद के जिला अस्पताल परिसर में भी शीघ्र ही महाकाल रसोई शुरू की जाएगी, जहां मरीजों के परिजनों को मात्र 10 रुपए की रियायती दर पर भोजन मिलेगा तथा प्रारंभिक चरण में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर की आधारभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से सड़क, सीवरेज और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और अगले कुछ दिनों में इनका कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि जिला अस्पताल फरीदाबाद शहर की पहचान है और यहां मध्यम वर्ग एवं जरूरतमंद परिवारों का सबसे अधिक भरोसा रहता है। नगर निगम और राज्य सरकार को अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्व में जो मांगें भेजी गई थीं, उन पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से हार्ट डिपार्टमेंट सहित नई सुविधाओं के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन सेवाओं से आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित उपचार मिलेगा।
जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि डॉ. जयंत आहूजा के नेतृत्व में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाने का जो कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। हार्ट सेंटर जैसी सुविधाओं का आरंभ फरीदाबाद के नागरिकों को आधुनिक और त्वरित चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद मनोज नासवा, पार्षद जसवंत, मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन सोनू शर्मा, पीएमओ डॉ राम भगत, डॉ राजेश श्योकंद, डॉ. विशाल, डॉ. रचना मिश्रा, डॉ दिलीप नायर, डॉ सुशील अहलावत, सामाजिक कार्यकर्ता चंदी राम गुप्ता, विनीता गुप्ता, विमल खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण मौजूद रहे।

