July 2, 2026

बारिश में बह गए परीक्षा के पेपर, बक्सर में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर

बक्सर में बारिश के दौरान पानी में बहते त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्रों के बंडल।

Bihar/Alive News: बिहार के बक्सर जिले में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। तेज बारिश के कारण त्रैमासिक परीक्षा के लिए भेजे गए प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल पानी में बहते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, बिहार बोर्ड की ओर से कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं की त्रैमासिक परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं जिला केंद्रों पर भेजी गई थीं। इन बंडलों को संबंधित स्कूलों तक पहुंचाया जाना था, लेकिन इससे पहले ही तेज बारिश ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी।

बताया जा रहा है कि स्कूलों के प्रधानाचार्यों को परीक्षा सामग्री लेकर जाने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान परीक्षा सामग्री को ऐसी जगह रखा गया, जहां बारिश का पानी भर गया। पानी का तेज बहाव सीलबंद बंडलों को अपने साथ बहाकर ले गया और प्रश्नपत्र पानी में तैरते दिखाई दिए।

वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

जब स्थानीय लोगों ने पानी में बहते प्रश्नपत्रों के बंडल देखे तो उन्होंने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद अधिकारियों ने जल्दबाजी में बंडलों को समेटा।

घटना के बाद शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर लोग इस लापरवाही को लेकर सवाल उठा रहे हैं और छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।