October 5, 2024

306 करोड़ की लागत से बना दिल्ली में यह म्यूजियम, इतिहास से भरपूर

New Delhi/Alive News: दिल्ली का ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ कई मायनों में बेहद खास है। यहां आपको आजादी के बाद से अब तक के हर एक प्रधानमंत्री को समर्पित विशेष गैलरी देख सकते हैं, जो उनके जीवन और कार्यकाल ही नहीं, बल्कि राजनीतिक करियर और उसके बीच आई बड़ी चुनौतियों और सफलताओं को भी प्रदर्शित करती हैं। खास बात है कि अन्य म्यूजियम की तरह आप यहां बोर भी नहीं होते हैं, क्योंकि तस्वीरों के द्वारा दिखाई जा रही जानकारियों को आसान भाषा में समझाने के लिए यहां ऑडियो गाइज की सुविधा भी मौजूद है।

प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी ने 22 अप्रैल 2022 को किया था। जानकारी के लिए बता दें, कि आजादी के अमृत महोत्सव (स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर) के तहत इस संग्रहालय को देश के लिए सौंपा गया था। संग्रहालय में देश की आजादी के बाद से अब तक के भारतीय प्रधानमंत्रियों के योगदान के बारे में कई अहम जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं।

प्रधानमंत्री संग्रहालय में आप 3D तकनीक की मदद से कई खास चीजों का दर्शन कर सकते हैं। यहां आपको काइनेटिक एलईडी लाइट्स से तैयार राष्ट्रीय ध्वज भी देखने के लिए मिल जाएगा, जो आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाला देश का पहला संग्रहालय है। यह एडवांस तकनीक के साथ भारत का पहला ऐसा म्यूजियम है, जहां देश का इतिहास ही नहीं, बल्कि आप इसके भविष्य का अनुभव भी कर सकते हैं। इंटरैक्टिव और इंगेजमेंट जोन की मदद से आप टाइम मशीन में जाकर भारत के इतिहास को आसान भाषा में समझ सकते हैं।

पीएम म्यूजियम में आप आजादी से बाद से अब तक के अपने पसंदीदा प्रधानमंत्रियों के साथ तस्वीर भी ले सकते हैं। प्रधानमंत्री को लेकर इतिहास से जुड़ी कोई वीडियो या ऑडियो भी आप यहां आसानी से देश और सुन सकते हैं। साथ ही, अपने फेवरेट प्रधानमंत्री के ऑटोग्राफ भी आसानी से हासिल कर सकते हैं, जिसके लिए हैंडराइटिंग रोबोट आपकी मदद करता है। खास बात है कि संग्रहालय में खींची गई तस्वीरों को आप अपने ईमेल पर साझा करके इसे हमेशा के लिए सेव भी कर सकते हैं।

युवा पीढ़ी को आकर्षित करने वाला अपने आप में अनोखा यह म्यूजियम आपको 6D हेलिकॉप्टर राइड का अनुभव भी दे सकता है। बता दें, कि यहां आप हेलीकॉप्टर में उड़ान भरते हुए भारत के भविष्य का अनुभव करने के साथ-साथ यहां अपना मैसेज भी छोड़ सकते हैं। भारत को आप किस तरह देखते हैं, इसे लेकर भी यहां अपनी राय आप दर्ज कर सकते हैं।