May 1, 2024

ब्राह्मण सभा ने दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर किया याद

Faridabad/Alive News : सेक्टर-12 स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाई। इस मौके पर ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेन्द्र शर्मा बबली ने एक हवन का आयोजन कर पं. दीनदयाल उपाध्याय को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय महान चिंतक एवं विचारक थे। वे भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष भी रहे।

उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। राजनीति के अतिरिक्त साहित्य में भी उनकी गहरी अभिरुचि थी। उनके हिंदी और अंग्रेजी के लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते थे।

उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल की उदार नीतियों एवं उनके दिखाए गए मार्ग का हमें सदा अनुसरण करना चाहिए। इस मौके पर उनके साथ पं. एल.आर शर्मा, पं. तेजपाल शर्मा खेड़ी कलां, पं. ललित पाराशर, पं. कृष्णकांत, पं. मोहित सदपुरा, पं. राजीव पाराशर, पं. नवीन आदि मौजूद थे।