March 12, 2026

राज्यपाल के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: महामहिम राज्यपाल प्रोफेसर अशीम कुमार घोष के जन्मदिवस के अवसर पर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित भाव के साथ फरीदाबाद में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। यह आयोजन उपायुक्त एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के अध्यक्ष आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इसी क्रम में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद, जय सेवा फाउंडेशन और डी.ए.वी. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में डी.ए.वी. कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया।

इसके अलावा सेक्टर-12 स्थित जिला न्यायालय के बार रूम में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव विजेंद्र सोरोत मुख्य अतिथि तथा उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए सभी स्वस्थ लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डी.ए.वी. कॉलेज के प्राचार्य नरेंद्र कुमार, कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र ढुल, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैसला सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।