March 11, 2026

उत्तर प्रदेश की आधी आबादी पर भाजपा का फोकस, फील्ड उतरी महिला नेताओं की फौज

Uttar Pradesh/Alive News: उत्तर प्रदेश के चुनावी घमासान में भाजपा विभिन्न सामाजिक समुदायों के साथ संपर्क साधने के अलावा आधी आबादी यानी महिलाओं के साथ अलग से संवाद, संपर्क बनाए हुए है। इसके लिए पार्टी ने अपनी प्रमुख महिला नेताओं के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में महिला नेता और कार्यकर्ताओं को इस अभियान में जुटाया है। इनमें गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान समेत करीब एक दर्जन राज्यों की प्रमुख महिला नेता शामिल हैं।

पार्टी का महिला जनसंपर्क अभियान अधिकतर शहरी क्षेत्रों में ही चल रहा है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के चुनावी प्रबंधन में इस बार सात सह चुनाव प्रभारियों को तैनात किया है। इनमें तीन महिला नेता शामिल हैं। किसी भी राज्य के चुनाव प्रबंधन में पहली बार इतनी महिला नेताओं को मोर्चे पर लगाया गया है। इनमें केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, अन्नपूर्णा देवी के साथ पार्टी नेता सरोज पांडे शामिल हैं। ये सभी नेता पिछले दो माह से सतत रूप से संवाद और संपर्क में जुटे हुए हैं।

उत्तराखंड में लॉकेट चटर्जी को मिली थी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि उत्तराखंड में भाजपा ने सह प्रभारी के रूप में महिला नेता लॉकेट चटर्जी को मोर्चे पर लगाया था। हाल में चुनाव के जो आंकड़े आए हैं, उनमें उत्तराखंड में महिलाओं के मतदान में लगभग पांच फीसदी की वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश में भी अगर महिला मतदाता ज्यादा निकलती हैं और भाजपा के अभियान का असर होता है, तो पार्टी को काफी लाभ मिलने के आसार हैं।