Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बड़खल से भाजपा विधायक धनेश अदलखा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल से फोन पर बातचीत करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) मनदीप के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। विधायक ने अतिरिक्त निगम आयुक्त से अधिकारी को यहां से हटाने और उसकी जगह दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी देने की मांग की।
वीडियो में विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं कि मनदीप फोन पर काम नहीं करता और सभी पार्षद उसके खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी को बड़खल में नहीं रखना चाहिए।
सफाई दरोगा विधायक के कार्यालय पहुंचे
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बुधवार को विधायक धनेश अदलखा के कार्यालय में हुआ। उस समय कुछ पार्षद वहां बैठे थे। इसी दौरान नगर निगम के सफाई दरोगा भी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विधायक को बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी अभियंता मनदीप उन्हें जरूरी सामान उपलब्ध नहीं कराते और उनकी शिकायतों पर भी ध्यान नहीं देते।
अतिरिक्त निगम आयुक्त को किया फोन
शिकायत सुनने के बाद विधायक ने नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल को फोन किया। बातचीत के दौरान विधायक नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि बड़खल के सफाई दरोगा और निरीक्षक उनके कार्यालय में मनदीप के खिलाफ धरना देने के लिए पहुंचे हैं। विधायक ने यह भी कहा कि सभी पार्षद संबंधित अधिकारी के खिलाफ हैं और उसे यहां से हटाया जाए।
दूसरे अधिकारियों को जिम्मेदारी देने की मांग की
फोन पर बातचीत के दौरान अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि किसी दूसरे अधिकारी को कार्यभार सौंप दिया जाएगा। इस पर विधायक ने संजीव को पूरा कार्यभार देने की बात कही। उन्होंने लखमी चंद को हटाने, विनोद मित्तल को अतिरिक्त कार्यभार देने और नितिन कादयान के पास ही कार्यकारी अभियंता का कार्यभार रखने की मांग की।
विधायक ने कहा कि सभी पार्षद उनसे नाराज हैं और इस मामले में अतिरिक्त आयुक्त से मिलने उनके कार्यालय आएंगे। इस पर अतिरिक्त आयुक्त ने जवाब दिया कि विधायक के कहने के बाद कार्यालय आने की जरूरत नहीं है।
विधायक से नहीं हो सका संपर्क
इस मामले में विधायक धनेश अदलखा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्हें संदेश भेजकर भी प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वहीं, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल और कार्यकारी अभियंता मनदीप ने भी इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

