March 7, 2026

बिट्टू बजरंगी के आरोप निराधार: थाना प्रभारी ने कहा वायरल ऑडियो-वीडियो का जांच से कोई संबंध नहीं

Faridabad/Alive News: नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी द्वारा शादी से जुड़े एक विवाद में थाना प्रभारी पर मिलीभगत के लगाए गए आरोपों को पुलिस ने निराधार बताया है। इस मामले में सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बयान जारी कर सभी आरोपों से इनकार किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि बिट्टू बजरंगी 19 फरवरी को थाने में विभाग के नाम पर हुई कथित धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने आए थे। उच्च अधिकारियों से चर्चा के बाद उनकी शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।

उन्होंने कहा कि शिकायत के साथ दिए गए फोटो और ऑडियो में से कुछ भी पुलिस की तरफ से लीक नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर जो फोटो और ऑडियो वायरल हो रहे हैं, उनका पुलिस जांच या दिए गए सबूतों से कोई लेना-देना नहीं है। वायरल सामग्री बाहरी स्रोतों से फैल रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार, बिट्टू बजरंगी ने जो दो फोटो दिए थे, उनमें से कोई भी फोटो वायरल नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर जो तस्वीर और बातचीत का ऑडियो चल रहा है, वह पुलिस द्वारा साझा नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत के साथ ऐसा कोई ऑडियो भी जमा नहीं कराया गया था जिसे लीक करने का सवाल उठे।

अस्पताल को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल का नाम लिया जा रहा है, उसका उनके साथ कोई संबंध नहीं है। उनके बच्चे अलग रहते हैं और अस्पताल से उनका कोई लेना-देना नहीं है। जिस पड़ोसी के वहां काम करने की बात कही जा रही है, उसे काफी समय पहले ही निकाल दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों पक्षों को नोटिस देकर थाने बुलाया गया है। दोनों के बयान दर्ज होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।