May 18, 2024

जन्मदिन स्पेशल: ‘द कपिल शर्मा’ शो की ‘विद्यावती’ असल जिंदगी में हैं बेहद ग्लैमरस, ऐसे हुई करियर की शुरुआत

New Delhi/Alive News: मशहूर कॉमेडियन और गायिका सुगंधा मिश्रा आज अपना 33वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 23 मई, 1988 को जालंधर में हुआ था। सुगंधा एक टेलीविजन प्रस्तुतकर्ता भी हैं। हालांकि वह कई कॉमेडी शोज और स्टेज पर अपना हुनर साबित कर चुकी हैं लेकिन कपिल शर्मा के शो से उन्हें एक अलग ही पहचान मिली थी। इस शो में वह एक शिक्षिका विद्यावती का किरदार निभाया करती थीं।

लेकिन शो के साथ उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया। शो में साड़ी और लंबी चोटी में दिखने वाली सुगंधा असल जिंदगी में काफी ग्लैमरस हैं। अपनी कॉमिक टाइमिंग और मिमिक्री से हर किसी का दिल जीतने वाली सुगंधा ने हाल ही में कॉमेडियन संकेत भोसले के साथ शादी के बंधन में बंधी हैं। वहीं उनके शादी के हर कार्यक्रम की तस्वीरें जमकर वायरल हुई थी।

सुगंधा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। आए दिन फैंस को खुद से जुड़ी अपडेट देती रहती हैं। वहीं फैंस को भी सुगंधा की पोस्ट्स का इंतजार रहता हैं। सुगंधा की फैन फॉलोइंग भी जबरदस्त है, यही कारण है कि उनकी तस्वीरें तुरंत वायरल हो जाती हैं। वहीं कई लड़कियां तो सुगंधा के स्टाइल को भी कॉपी करती हैं।

ऐसे हुई करियर की शुरुआत
सुगंधा ने अपने करियर की शुरुआत आरजे के रूप में शुरू की थी। ‘सा रे गा मा पा’ रियलिटी शो से इन्होंने दुनिया के सामने अपने गायिकी का हुनर बखूबी दिखाया था। यहां तक कि शो में सुगंधा ने एक लंबा सफर तय किया था और शो की फाइनलिस्ट बनी थीं। इसके बाद वह ‘द ग्रेट लाफ्टर शो’ में भी नजर आई जिससे उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। जानकारी के मुताबिक सुगंधा एक एपिसोड के लगभग दो से तीन लाख रुपये लेती हैं। साल 2020 में सुगंधा का नेट वर्थ एक मिलियन डॉलर से पांच मिलियन डॉलर के बीच था। इसके अलावा सुगंधा अपने यूट्यूब चैनल से भी अच्छा पैसा कमा लेती हैं।

सुगंधा ने फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग भी की है। इन्होंने फिल्म ‘श्री’ और ‘कमाल धमाल मालामाल’ के लिए गाने गाए हैं। हाल ही में सुगंधा संकेत भोसले के साथ शादी के बंधन में बंधी हैं। जिसके बाद से लगातार लाइमलाइट का हिस्सा बनी हुई हैं। सुगंधा और संकेत काफी साल से बहुत अच्छे दोस्त थे और उनके अफेयर के खबरों की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। लेकिन अब इन सब अफवाहों पर दोनों ने विराम लगा दिया है और दोनों एक दूसरे के हो गए हैं।