March 11, 2026

फरीदाबाद साइबर पुलिस की बड़ी कामयाबी: एक हफ्ते में 19 आरोपी गिरफ्तार, 34 लाख रुपये की बरामदगी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर पुलिस ने एक हफ्ते के अंदर 19 साइबर ठगों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इन आरोपियों से 34 लाख 49 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त श्री सत्येंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर यह कार्रवाई 5 से 11 जुलाई के बीच की गई। इस दौरान पुलिस ने 5 मामलों को सुलझाया और 412 शिकायतों का समाधान करते हुए 17 लाख 20 हजार रुपये से ज्यादा की राशि संबंधित बैंक खातों में ब्लॉक करवाई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनीष कुमार, ऋषभ चौधरी, राय साहब, विनोद कुमार, मनीष, रामकिशन, लमनूनेम लूफो, अब्दुल हक, मनदीप, लियाकत अली, गौरव कस्वा, अर्जुन कुमार, मनी कुमार, नवनीत नायक, सुनील गोयर, पंकज गुर्जर, कमलेश यादव, शुभम और चेतन शामिल हैं।

पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि साइबर ठग सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर निवेश के नाम पर लिंक भेजकर लोगों को फंसाते हैं। पहले थोड़े पैसे पर अच्छा रिटर्न दिखाते हैं, जिससे लोग भरोसा कर लेते हैं। फिर ज्यादा मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम ठग लेते हैं। असल में यह सब एक धोखा होता है।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि आपके पास भी इस तरह का कोई मैसेज या कॉल आता है, तो सतर्क रहें। किसी भी लिंक या स्कीम पर बिना जांच किए पैसा न लगाएं।

अगर आपके साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें। इसके अलावा नजदीकी साइबर थाने में जाकर भी शिकायत दी जा सकती है