March 7, 2026

हरियाणा पुलिस भर्ती में युवाओं को बड़ी राहत: उम्र सीमा में 3 साल की छूट का ऐलान

Haryana/Alive News: हरियाणा में 5500 पुलिस कॉन्स्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती को लेकर युवाओं को बड़ी राहत मिली है। उम्र सीमा को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद सरकार ने 3 साल की उम्र में छूट देने का फैसला किया है। इस फैसले की जानकारी हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी।

चेयरमैन ने बताया कि CET 2025 के तहत निकली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में कई अभ्यर्थी उम्र सीमा पार कर चुके थे। इसका कारण यह था कि वर्ष 2022 के बाद लंबे समय तक CET परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। इसी वजह से हजारों योग्य युवा भर्ती से बाहर हो गए थे।

युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर सरकार ने पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में सभी वर्गों को 3 साल की उम्र में छूट देने का निर्णय लिया है। आयोग को इसके लिए आधिकारिक निर्देश भी मिल चुके हैं और इस पर कार्रवाई की जा रही है।

यह फैसला उन युवाओं के हित में लिया गया है, जिन्होंने पहले की भर्तियों के लिए आवेदन किया था, लेकिन भर्ती रद्द होने या परीक्षा में देरी के कारण मौका नहीं मिल पाया था। इससे अब हजारों युवाओं को दोबारा पुलिस भर्ती में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में कई भर्तियां रद्द हुईं या उनमें देरी हुई। 2019 की पुरुष कॉन्स्टेबल भर्ती, 2020–21 की महिला कॉन्स्टेबल भर्ती और हाल की ग्रुप-सी भर्तियों में बार-बार बदलाव होने से युवाओं में नाराजगी बढ़ गई थी। CET 2022 के बाद सीधे 2025 में होने से बड़ी संख्या में उम्मीदवार ओवरएज हो गए थे।

19 दिसंबर को कई युवा मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिले थे और उम्र में छूट की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने उस समय आश्वासन दिया था कि सरकार युवाओं के हित में फैसला लेगी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

आवेदन प्रक्रिया कैसे करें:

  • सबसे पहले HSSC की आधिकारिक वेबसाइट https://hssc.gov.in पर जाएं।
  • Advt No. 01/2026 – Police Department Recruitment लिंक पर क्लिक करें।
  • ग्रुप-सी CET रजिस्ट्रेशन नंबर डालें और OTP से वेरिफिकेशन करें।
  • CET फॉर्म में भरी जानकारी अपने आप दिखाई देगी।
  • योग्यता, अनुभव, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
  • सभी दस्तावेज सही से अपलोड कर फॉर्म प्रीव्यू चेक करें।
  • फॉर्म डाउनलोड करें और प्रिंट निकालकर साइन की हुई कॉपी भी अपलोड करें।

युवाओं को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर HSSC की वेबसाइट और चेयरमैन हिम्मत सिंह के सोशल मीडिया अपडेट जरूर देखते रहें, ताकि किसी भी नई सूचना से वंचित न रहें।

सरकार के इस फैसले से उन हजारों युवाओं को राहत मिली है, जो केवल उम्र सीमा के कारण हरियाणा पुलिस भर्ती से बाहर हो गए थे।