Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की टीम ने क्रेडिट कार्ड बिल से इंश्योरेंस चार्ज हटाने का झांसा देकर हजारों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दक्ष निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
एनआईटी निवासी एक व्यक्ति को 6 अक्टूबर 2025 को ठगों ने फोन किया। खुद को आईडीएफसी (IDFC) बैंक का कर्मचारी बताकर ठग ने पीड़ित से कहा कि उसके कार्ड पर 2,999 रुपये का इंश्योरेंस चार्ज लगा है, जिसे हटाने के लिए एक लिंक पर जानकारी भरनी होगी। जैसे ही पीड़ित ने व्हाट्सएप पर आए लिंक पर अपनी डिटेल्स भरीं, उसके खाते से 59,163 रुपये साफ हो गए।
साइबर टीम ने तकनीकी जांच के बाद आरोपी दक्ष को 3 मई को गाजियाबाद से दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि दक्ष का बैंक खाता ‘पैसे खपाने’ के लिए इस्तेमाल हुआ था। ठगी के 56,000 रुपये सीधे उसके खाते में आए थे, जिसे उसने आगे चिराग नाम के शख्स को यूपीआई (UPI) कर दिया था।
पिछली कार्रवाई: इस मामले में मुख्य आरोपी चिराग को पुलिस 28 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अदालत का फैसला: आरोपी दक्ष को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश कर रही है।
पुलिस की अपील: किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक कर्मचारी बनकर आने वाली कॉल पर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

