Faridabad/Alive News: बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा के चुनाव 18 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराए जाएंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीसी ने बताया कि चुनाव के लिए बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, चुनाव शाखा और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराया जाए।
चुनाव के लिए कुल 7 मतदान बूथ बनाए जाएंगे। इनमें से 4 बूथ मुख्य परिसर के दो हॉल में और 3 बूथ टैक्सेशन कार्यालय परिसर में बनाए जाएंगे। भीड़ से बचने के लिए दोनों हॉल में अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था की जाएगी।
डीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मतदान स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही सभी हॉल में सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पर पूरी निगरानी रखी जा सके। मतदान सामग्री को तय समय पर प्राप्त कर सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
इसके अलावा डीसी ने संबंधित विभागों को मतदान स्थल पर सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय और बैरिकेडिंग जैसी जरूरी सुविधाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान स्थल पर केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
मतदाताओं को अपने साथ वैध फोटो पहचान पत्र का मूल दस्तावेज लाना होगा। साथ ही मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान से पहले सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लिया जाए और अगर कोई कमी हो तो उसे तुरंत ठीक किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, डीडीपीओ प्रामिन्दर, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

