March 7, 2026

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, बैंक कर्मचारी की मौत

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना सूरजकुंड रोड स्थित मानव रचना यूनिवर्सिटी के पास हुई, जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान संजय कॉलोनी निवासी तरुण प्रताप सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह एक निजी बैंक में कर्मचारी थे और सेक्टर-16 स्थित शाखा में कार्यरत थे। हादसे के समय वह किसी काम से स्कूटी पर जा रहे थे। परिवार ने बताया कि दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। तरुण अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार व स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी तक कार चालक की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।