March 7, 2026

बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता का भूकंप: 3 की मौत, 200 से ज्यादा घायल; 10 मंजिला इमारत झुकी, कोलकाता तक महसूस हुए झटके

International/Alive News: बांग्लादेश में शुक्रवार सुबह करीब 10:08 बजे (भारतीय समय) 5.7 तीव्रता का तेज भूकंप आया। इसमें अब तक 3 लोगों की मौत और 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। भूकंप का केंद्र नरसिंगीडी के माधबड़ी में था, जो ढाका से केवल 25 किमी दूर है।

झटके इतने जोरदार थे कि एक 10 मंजिला इमारत एक तरफ झुक गई। वहीं बांग्लादेश-आयरलैंड के बीच चल रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच भी तुरंत रोकना पड़ा। स्थानीय मीडिया कुछ जगहों पर 6 मौतों का दावा कर रही है, लेकिन पुलिस ने 3 मौत की ही पुष्टि की है।

फैक्ट्री में भगदड़, 150 मजदूर घायल

गाजीपुर के श्रीपुर में एक कपड़ा फैक्ट्री ‘डेनिमेक’ में भूकंप के बाद भगदड़ मच गई। मजदूर इमारत से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने मेन गेट खोलने से मना कर दिया। इससे घबराहट बढ़ी और भगदड़ में 150 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। सभी को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

10 महीने की बच्ची की मौत

नारायणगंज के रूपगंज में भूकंप के दौरान सड़क किनारे एक दीवार गिर गई, जिससे 10 महीने की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मां और एक पड़ोसी घायल हुए हैं। बच्ची की मां अपनी बेटी को गोद में लेकर घर से बाहर निकल रही थीं, तभी दीवार उनके ऊपर गिर गई।

कोलकाता में भी महसूस हुए झटके

कोलकाता में भी सुबह 10:10 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोग लगभग 20 सेकंड तक हिलने जैसा अनुभव करते रहे। यहां इसकी तीव्रता 5.2 मापी गई। कूचबिहार, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा और नादिया जिलों में भी झटके महसूस किए गए। नुकसान की कोई खबर नहीं है।

इतिहास का सबसे बड़ा भूकंप

बांग्लादेश में अब तक का सबसे भीषण भूकंप 1762 में आया था, जिसकी तीव्रता 8.5 थी। इसे “ग्रेट अराकन अर्थक्वेक” कहा जाता है।