March 7, 2026

आयुष सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को नकल-मुक्त और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, फ्रिस्किंग, सुरक्षा प्रबंधों तथा किसी भी अनियमित गतिविधि की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर बैठने की व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अनुशासन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने विभिन्न निरीक्षण टीमों की रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए सुनिश्चित किया कि सभी अधिकारी फील्ड में तैनात रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी निरंतर सतर्क रहें और किसी भी अनियमितता की तत्काल सूचना दें।

उन्होंने चेतावनी दी कि नकल करने, कराने या इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्र स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने तथा केंद्र की परिधि में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।