May 5, 2024

विश्व अंगदान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Faridabad/Alive News : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की जूनियर रेडक्रॉस, गाइड्स और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड द्वारा विश्व अंगदान दिवस पर प्राचार्य रविन्दर कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि देने की प्रक्रिया अर्थात दान शब्द अति शब्द है। देना शब्द परम संतुष्टि प्रदान करता है।

सभी दान की अपनी अपनी विशेषताएं हैं लेकिन अपना अंग दान देना किसी मानव के प्रति बहुत बड़ा उपकार है। अंग दान से जीवन दान मिलता है। अतः यह सभी दानों में सर्वोपरि है। वास्तव में अंग दान महादान है। छात्राओं ने अंगदान के बारे में आकर्षक स्लोगन लिख कर अनमोल जीवन बचाने का संदेश दिया।

रविंदर कुमार मनचन्दा और गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर ने कहा कि एक व्यक्ति अपने जीते जी लीवर का हिस्सा, एक किडनी, बोन मेरो और रक्त दान कर सकता है रक्त दान तो अब सामान्य हो गया है। डॉक्टर्स के अनुसार ब्रेन डेड की अवस्था मे रोगी को ब्रेन डेड घोषित करनेके बाद डॉक्टर्स का पैनल रोगी के परिजनों को रोगी के आवश्यक अंगों को डोनेट करने के लिए मोटीवेट करते है ताकि वे अंग जरूरतमंद व इंतजार कर रहे लोगों को प्रत्यारोपित किये जा सके और उन का अनमोल जीवन बचाया जा सके।

अंगदान के अंतर्गत बच्चों को बताया गया कि एक ब्रेन डेड व्यक्ति द्वारा किये गए अंगदान से कम से कम सात आठ लोगो का जीवन बचाया जा सकता है। हार्ट, लिवर, किडनी, इंटेस्टाइन आदि अंगों को दूसरे के शरीर मे प्रत्यारोपित कर उन के जीवन को उजियारा बनाने के लिए जागरूकता की आवश्यकता है। विकसित और पश्चिमी देश विशेष रूप से स्वीडन अंगदान में अग्रणी है। प्राचार्य रविन्दर कुमार मनचन्दा और गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर ने आकर्षक सलोगन लिखने वाली सभी छात्राओं कुसुम, शिवानी, भूमिका, निशा और कविता की हौसला अफजाई की।