May 22, 2024

बालिकाओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Faridabad/Alive News : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, जूनियर रेडक्रॉस और गाइडस ने मिलकर प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पोषक सप्ताह के अंतर्गत बालिकाओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कार्यक्रम आयोजित किया। प्राचार्य ने कहा कि पोषण एक मूलभूत मानवीय आवश्यकता है और स्वस्थ जीवन जीने के लिए आवश्यक है। एक संतुलित आहार ग्रोथ, विकास और सक्रिय जीवन के लिए महत्वपूर्ण है।

यह विज्ञान है जिसके माध्यम से हमें पता चलता है कि खाने के सभी घटकों और पर्याप्त पोषण को कैसे प्राप्त किया जा सकता है। मनचन्दा ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का थीम “प्रारंभ से ही स्मार्ट तरीके से खाएं” सरकार ने सेमिनारों और शिविरों के माध्यम से उचित जानकारी प्रदान करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए एक कार्यक्रम स्थापित किया है।

प्राचार्य ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को भोजन में साबुत एवम् भरपूर अनाज, मौसमी फल, हरी सब्जी, दाल, दूध या दूध के उत्पाद, बादाम आदि सम्मिलित करने चाहिए। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का लक्ष्य एक स्वस्थ राष्ट्र बनाने का है। देश में एक से सात सितंबर के बीच यह पोषण सप्ताह मनाया जाता है। यह सप्ताह मानव शरीर के लिए सही पोषण के महत्व और भूमिका पर प्रकाश डालता है। आवश्यक पोषक तत्वों और कैलोरी के संयोजन के साथ एक संतुलित आहार मानव शरीर के सुचारू रूप से काम करने और विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

मनचंदा ने बताया कि महिला और बाल विकास मंत्रालय भी आहार और पोषण के संबंध में लोगों के बीच एक सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम की योजना के लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय करती है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से, लोगों को स्तनपान, स्वच्छता , स्वच्छता के लाभों और कुपोषण के बारे में जागरूकता फैलाई जाती है। प्राचार्य समन्वयक प्राध्यापिका जसनीत कौर, मौलिक मुख्याध्यापिका पूनम, अंशुल, रेखा और सरोज ने पोषक आहार की थाली बनाने वाली छात्राओं की प्रशंसा की। छात्राओं भूमिका, निशा, सिया, सपना और अंजली ने पोषक ग्रीन सलाद की थाली बना कर सभी को भोजन में आवश्यक तत्वों को सम्मिलित करने का आग्रह किया।