Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में आज रविवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसके माध्यम से बच्चों को ट्रैफिक चिन्ह एवं यातायात के नियमों के विषयों के बारे में विस्तार से बताया गया। यह कार्यक्रम स्कूल की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड गाइड्स के सहयोग में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र विशेष रुप से उपस्थिति रहे।
जूनियर रेडक्रॉस और ब्रिगेड अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि हमारे देश में यातायात के नियमों की अवहेलना, सड़क पर संयम से वाहन न चलाने से लगभग डेढ़ लाख से भी अधिक व्यक्तियों की मृत्यु हो जाती हैं।
ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र ने बताया कि सड़क दुर्घटना में जान गवाने वाले व्यक्तियों के परिवारों के लिए अपूर्णीय क्षति के अतिरिक्त समाज और देश के लिए भी कभी भी भरपाई ने होने वाली बहुत बड़ी हानि सिद्ध होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय यातायात के नियम जैसे सीट बेल्ट पहनना, मोबाइल पर बातें न करना, बाइक पर ट्रिपल राइडिंग न करना और ट्रैफिक चिह्न, जेब्रा क्रॉसिंग तथा अन्य संकेतों के विषय में विद्यार्थियों को बताया तथा उनसे चिन्हों से संबंधित प्रश्न भी पूछे।

