March 10, 2026

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जागरूकता कैंप का आयोजन, लोगों को दी सब्सिडी की जानकारी

Faridabad/Alive News: केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रविवार को सेक्टर- 28 स्थित कार्यालय में एक विशेष जागरूकता अभियान एवं कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना भी मौजूद रहे।  

कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि हरियाणा के लगभग एक लाख गरीब परिवारों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से लगभग 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। जिसके तहत 1 किलोवाट पर लगभग 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर लगभग 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट तक पर लगभग 78 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। शेष राशि के लिए उपभोक्ताओं को आसान किस्तों पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कम आय वाले परिवार भी बिना आर्थिक बोझ के सोलर सिस्टम लगवा सकें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल नियमित है, उन्हें ऋण पर विशेष छूट भी दी जा सकती है।

कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि यह योजना “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर लागू की जा रही है, इसलिए पात्र उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द आवेदन करना चाहिए। योजना के अंतर्गत जिन परिवारों की बिजली खपत लगभग 3 हजार यूनिट सालाना तक है, उन्हें बिजली बिल से बड़ी राहत मिलेगी। सोलर सिस्टम लगने के बाद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली का बिल नहीं देना पड़ेगा और लगभग 25 वर्षों तक सोलर सिस्टम से बिजली का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता अपनी आवश्यकता से अधिक बिजली उत्पन्न करता है, तो अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजा जा सकता है, जिसके बदले सरकार की ओर से प्रति यूनिट निर्धारित राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार यह योजना उपभोक्ताओं के लिए बचत के साथ-साथ आय का भी साधन बन सकती है। उन्होंने कहा कहा कि यह योजना वास्तव में “आम के आम और गुठलियों के दाम” जैसी है, जिसमें उपभोक्ता को दोहरा लाभ मिलता है। 

एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने कहा सरकार का उद्देश्य है कि देश का कोई भी कोना ऐसा न रहे जहां बिजली की सुविधा न हो, और सोलर ऊर्जा इस दिशा में सबसे आसान और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लें और अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाएं।

इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन विजय सिंह, जिला परिषद पलवल के  चेयरमैन नरेंद्र, बिजली विभाग के एसई जितेंद्र ढुल, फरीदाबाद के विभिन्न डिवीजनों के एक्सईएन पंकज पवार, संजय मंगला, देवेंद्र अत्रि, ओम प्रकाश रक्षवाल सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।