Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने ऑटो चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया ऑटो और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, शिव कुमार नामक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सेक्टर-55 में शिकायत दी थी कि 26 अगस्त को उसने अपना ऑटो सेक्टर-56 ए हनुमान मंदिर के पास खड़ा किया था। उसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति उसका ऑटो चोरी कर ले गया। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अपराध शाखा सेक्टर-65 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रेमराज (23), निवासी 36 गज सेक्टर-3, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशे का आदी है और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ के दौरान उसने मोबाइल चोरी करने की वारदात का भी खुलासा किया।
पुलिस ने आरोपी से एक ऑटो और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

